नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अगुवाई में सक्ती जिला कांग्रेस ने जेल में विधायक से की मुलाकात, भाजपा सरकार पर साधा निशान
सक्ति - जैजैपुर विधायक बालेश्वर साहू की 'फर्जी' मामले में हुई गिरफ्तारी के खिलाफ कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सोमवार को छत्तीसगढ़ विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत की अगुवाई में सक्ती जिले की कांग्रेस नेत्री मेनका जायसवाल और जिला महिला कांग्रेस की टीम ने जांजगीर जिला जेल पहुँचकर विधायक बालेश्वर साहू से मुलाकात की।
मुलाकात के बाद आयोजित एक पत्रकार वार्ता को संबोधित करते हुए मेनका जायसवाल ने राज्य की भाजपा सरकार पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि विधायक बालेश्वर साहू को एक ऐसे पुराने मामले में फंसाया गया है जिससे उनका कोई लेना-देना नहीं है। यह पूरी कार्रवाई राजनीतिक प्रतिशोध से प्रेरित है और जनसेवक की छवि धूमिल करने की एक सोची-समझी साजिश है।
सत्ता के दबाव में पुलिस की कार्रवाई: कांग्रेस
पत्रकार वार्ता में मेनका जायसवाल ने स्पष्ट शब्दों में कहा:
"विधायक बालेश्वर साहू हमेशा जनता के हक के लिए लड़ते रहे हैं। उनकी लोकप्रियता से घबराकर भाजपा सरकार ने पुलिस और प्रशासन का दुरुपयोग करते हुए उन्हें फर्जी मामले में जेल भेजा है। लेकिन न्यायपालिका पर हमें पूरा भरोसा है, वे जल्द ही बेदाग होकर बाहर आएंगे।
नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने जेल में विधायक से मुलाकात कर उनका हौसला बढ़ाया। उन्होंने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी के हर छोटे-बड़े कार्यकर्ता विधायक साहू के साथ खड़े हैं। डॉ. महंत ने पूर्व में भी सोशल मीडिया के माध्यम से इस गिरफ्तारी को "लोकतंत्र की हत्या" और "बदले की राजनीति" करार दिया है।
महिला कांग्रेस ने जताया आक्रोश
जिला महिला कांग्रेस की टीम ने भी इस कार्रवाई की कड़ी निंदा की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि विधायक को जल्द न्याय नहीं मिला, तो सक्ती और जांजगीर-चांपा जिले में उग्र आंदोलन किया जाएगा।
इस दौरान प्रमुख रूप से सक्ती जिला कांग्रेस के पदाधिकारी, महिला कांग्रेस की मेनका जायसवाल, कलावती सांडे , कौशल्या, सीता जाटवर, तुलसी साहू, शांति साहू, लखेश्वरी देवा लहरे, एवं काफी संख्या महिला कांग्रेसी कार्यकर्ता उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ