बुधवारी बाज़ार मार्ग
सक्ती। जिला मुख्यालय सक्ती की यातायात व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त हो गई है। शहर के प्रमुख व्यवसायिक मार्गों में लगातार जाम की स्थिति निर्मित हो रही है। यही हालत लगभग सभी मार्गों की है। शहर के चौक -चैराहों में तो हर समय जाम की स्थिति निर्मित हो रही है।
विदित हो कि सक्ती शहर में यातायात के नाम पर चौक-चैराहों में इक्का-दुक्का पुलिस जवान तैनात कर दिया गया है। शहर के भीतरी हिस्सों में लग रहे जाम और अव्यवस्थित यातायात को दुरुस्त करने की कोई पहल पुलिस प्रशासन की ओर से नहीं की जा रही है। धीरे-धीरे स्थिति ऐसी होती जा रही है कि मानो पुलिस ने शहर को पूरी तरीके से छोड़ दिया है। स्थिति यह है कि अग्रसेन चौक से स्टेशन जाने वाले मार्ग में पल-पल जाम लग रहा है। इस मार्ग की हालत सबसे ज्यादा खराब है। धड़ल्ले से बड़े चार पहिया वाहन सकरे मार्ग में प्रवेश कराए जा रहे हैं। पुलिस प्रशासन की ओर से कोई व्यवस्था की सुधार की ओर पहल करना समझ से परे है। हर रोज जाम की स्थिति का सामना नागरिकों को करना पड़ रहा है।
*कानफोड़ू पटाखे की आवाज निकालने वाली बाइक पर कार्यवाही जरूरी*
सक्ती नगर में कुछ युवा इन दिनों बुलेट वाहन में रेट्रो साइलेंसर लगवा कर धड़ल्ले से सड़क पर दौड़ रहे हैं, लेकिन कोई धरपकड़ नहीं हो रही है। इनसे पटाखा या बंदूक की गोली चलने जैसी आवाज निकलती हैं। बीच सड़क पर युवा तेजी से गाड़ी दौड़ाते हुए यह आवाज निकालते हैं। ऐसे में हादसा होने का भी डर बना रहता है। तेज आवाज वाले साइलेंसर की आवाज बुजुर्ग और दिल के मरीजों के लिए घातक साबित हो रही है। बाइक के शौकीन युवा नए साइलेंसर को निकालकर लंबी पाइप वाले साइलेंसर लगवा रहे हैं। इसके कारण कई बार पीछे से तेज आवाज आने से राहगीर डर जाते हैं। तेज ध्वनि के साथ फायर की आवाज निकलती है। बाइक का एक्सीलेटर बढ़ाकर गलियों में भी ध्वनि प्रदूषण किया जा रहा है, जिसके कारण बच्चों, बुजुर्गों, दिल की बीमारी वाले मरीजों को ज्यादा परेशानी होती है।
----------


0 टिप्पणियाँ