अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस पर सक्ती जिले में वृहद महतारी वन्दन सम्मेलन एवं सम्मान समारोह आयोजित



अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर सक्ती जिले में वृहद महतारी सम्मेलन एवं सम्मान समारोह का आयोजन उत्साह और गरिमा के साथ किया गया। जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम जिला मुख्यालय सक्ती में आयोजित हुआ, वहीं महिला एवं बाल विकास विभाग की विभिन्न परियोजनाओं — मालखरौदा, डभरा एवं जैजैपुर — में भी समानांतर रूप से कार्यक्रम आयोजित किए गए। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं के योगदान का सम्मान करना, उन्हें विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी देना तथा समाज में महिला सशक्तिकरण के प्रति सकारात्मक वातावरण निर्मित करना था।

जिला स्तरीय कार्यक्रम की मुख्य अतिथि जांजगीर-चांपा लोकसभा क्षेत्र की सांसद श्रीमती कमलेश जांगड़े थीं। उन्होंने अपने उद्बोधन में कहा कि समाज और राष्ट्र के निर्माण में महिलाओं की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। उन्होंने महिलाओं से शिक्षा, स्वास्थ्य और स्वावलंबन के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान करते हुए शासन द्वारा संचालित विभिन्न महिला कल्याणकारी योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया।

कार्यक्रम के दौरान महिलाओं के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए एक मेगा हेल्थ कैम्प का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं को स्वास्थ्य परीक्षण, परामर्श तथा आवश्यक चिकित्सकीय सेवाएं प्रदान की गईं। इसके अतिरिक्त स्व-सहायता समूहों की उद्यमी महिलाओं द्वारा विभिन्न उत्पादों के स्टॉल लगाए गए, जिनमें स्थानीय हस्तशिल्प, खाद्य उत्पाद और अन्य उपयोगी वस्तुएं प्रदर्शित की गईं। इन स्टॉलों के माध्यम से महिलाओं की उद्यमिता और आत्मनिर्भरता की झलक देखने को मिली।

इस अवसर पर महिला एवं बाल विकास विभाग में उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। जिले की सर्वश्रेष्ठ पर्यवेक्षक के रूप में सुश्री तान्या सिंह को ₹5000 की नगद प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त विभिन्न परियोजनाओं के 6 पर्यवेक्षकों को ₹2000-₹2000, जिले के 34 सेक्टरों से चयनित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को ₹1000-₹1000 तथा सहायिकाओं को ₹500-₹500 की प्रोत्साहन राशि प्रदान की गई। साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करने वाले कार्यकर्ताओं को ₹5000-₹5000 की राशि देकर सम्मानित किया गया। इस प्रकार कुल ₹65,000 की नगद सम्मान राशि वितरित कर विभागीय कर्मियों के समर्पित कार्यों की सराहना की गई।

कार्यक्रम के अंतर्गत खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा महिलाओं के लिए विभिन्न खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिताओं के विजेताओं को स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम बस्तर जिले में आयोजित किया गया, जिसमें माननीय मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय द्वारा महतारी वंदन योजना की 25वीं किश्त जारी की गई। इसके अंतर्गत सक्ती जिले की लगभग 1.94 लाख महिलाओं को ₹1000-₹1000 की राशि सीधे उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। जिला मुख्यालय सक्ती के कार्यक्रम स्थल से महतारी वंदन योजना के हितग्राही इस कार्यक्रम से वर्चुअल माध्यम से जुड़े और मुख्यमंत्री के उद्बोधन को सुना।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष श्री टिकेश्वर गबेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री कमल पटेल, पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल ठाकुर, एसडीएम सक्ती सुश्री कावेरी मरकाम , जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती कुमुदनी वाघ द्विवेदी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का परिचय उद्बोधन जिला कार्यक्रम अधिकारी श्री सुधाकर बोदले द्वारा दिया गया, जबकि समापन एवं धन्यवाद ज्ञापन जिला खेल अधिकारी श्री हरि पटेल द्वारा किया गया।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689