*20 वर्षों से सेवा दे रहे 2739 कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ अन्याय बंद करें छत्तीसगढ़ सरकार – 12 माह का रोजगार बहाल करें, 6 माह नहीं*



छत्तीसगढ़ के प्राथमिक कृषि साख सहकारी समितियों (PACS) में वर्ष 2007 से लगातार सेवा दे रहे 2739 कंप्यूटर ऑपरेटर आज अपने भविष्य को लेकर गंभीर चिंता में हैं। बीते कई वर्षों से सरकार स्वयं यह स्वीकार करती रही कि कंप्यूटर ऑपरेटरों का कार्य पूरे वर्ष चलता है। इसी आधार पर पिछली सरकार द्वारा 12 माह का रोजगार एवं वेतन दिया जाता रहा।

लेकिन वर्तमान में 12 माह की सेवा को घटाकर मात्र 6 माह करने का निर्णय हजारों परिवारों के जीवन पर संकट बनकर खड़ा हो गया है।

*हम सरकार से पूछना चाहते हैं—क्या कंप्यूटर ऑपरेटर 6 माह काम करके 6 माह भूखे सोएंगे?*

क्या उनके परिवार का पालन-पोषण, बच्चों की पढ़ाई, बुजुर्गों का इलाज, बैंक की किश्तें और रोजमर्रा का खर्च केवल 6 माह की आय से चलेगा?

यह केवल नौकरी का प्रश्न नहीं है, बल्कि 2739 परिवारों के सम्मान, आजीविका और भविष्य का प्रश्न है।

कंप्यूटर ऑपरेटर वर्षों से धान खरीदी, किसान पंजीयन, समर्थन मूल्य भुगतान, ई-केवाईसी, किसान सम्मान निधि, KCC, पीएम फसल बीमा, जनकल्याणकारी योजनाओं सहित अनेक महत्वपूर्ण शासकीय कार्यों का सफलतापूर्वक संचालन करते आ रहे हैं। इसके बावजूद आज उनके रोजगार को असुरक्षित बनाया जा रहा है, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।

इसी गंभीर विषय को लेकर *माननीय विधायक श्री रामकुमार यादव जी* से निवेदन किया गया है कि 13 जुलाई 2026 से प्रारंभ होने वाले छत्तीसगढ़ विधानसभा सत्र में इस जनहित एवं कर्मचारी हित के मुद्दे को विधानसभा में प्रमुखता से उठाकर सरकार से जवाब मांगें तथा 12 माह की सेवा एवं वेतन व्यवस्था को यथावत बहाल कराने की पहल करें।

हम प्रदेश सरकार से विनम्र लेकिन दृढ़ आग्रह करते हैं कि 20 वर्षों से ईमानदारी से सेवा दे रहे कंप्यूटर ऑपरेटरों के साथ न्याय किया जाए, 12 माह की सेवा एवं वेतन बहाल किया जाए, आउटसोर्सिंग और रोजगार असुरक्षा समाप्त की जाए तथा कर्मचारियों के भविष्य को सुरक्षित किया जाए।

"*20 वर्षों की सेवा का सम्मान चाहिए,*

6 माह की बेरोजगारी नहीं।

12 माह काम – 12 माह वेतन,

यही हमारा अधिकार, यही हमारी मांग।"

माननीय विधायक महोदय रामकुमार यादव जी से अपनी पीड़ा व्यवस्था व मांगों को प्रमुखता से उठने के लिए जिले के जिला के समस्त ऑपरेटर्स पुरुषोत्तम बरेठ जिलाध्यक्ष, मिनाक्षी यादव प्रदेश उपाध्यक्ष, दिलीप जांगड़े जिला उपाध्यक्ष, शुष्पेंद्र चंद्रा, रवि आदित्य, हेमेंद्र गबेल, गीता साहू कान्हा शुक्ला, सुनील कुमार बरेठ, नंदराम बरेठ, पितांबर केवंट, प्रदीप खुंटे, एवं अन्य समस्त साथी 

कंप्यूटर ऑपरेटर संघ, सक्ती छत्तीसगढ़

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689