रायपुर –छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी अल्पसंख्यक विभाग की एक महत्वपूर्ण प्रदेश कार्यकारिणी बैठक आज राजधानी स्थित राजीव भवन में आयोजित की गई। इस बैठक में मुख्य रूप से नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी डॉ. अमीनुल खान सूरी की गरिमामयी उपस्थिति रही, वहीं कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश अध्यक्ष अमीन मेमन ने की।
बैठक में प्रदेश भर से आए समस्त जिला अध्यक्षों और प्रदेश पदाधिकारियों ने शिरकत की। इस दौरान संगठन की मजबूती और आगामी तीन महीनों के लिए एक विस्तृत कार्य योजना पर गंभीर चर्चा की गई।
बैठक के मुख्य बिंदु:
संगठन का विस्तार और अनुशासन: बैठक में संगठन की सक्रियता पर जोर दिया गया। अध्यक्ष अमीन मेमन ने स्पष्ट किया कि संगठन में सक्रिय कार्यकर्ताओं को तवज्जो दी जाएगी, जबकि लंबे समय से निष्क्रिय पदाधिकारियों को पदमुक्त कर नई ऊर्जा के साथ संगठन का विस्तार किया जाएगा।
इमरान प्रतापगढ़ी का दौरा: अल्पसंख्यक विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद इमरान प्रतापगढ़ी के आगामी छत्तीसगढ़ दौरे को लेकर भी रूपरेखा तैयार की गई। जल्द ही प्रदेश में उनके बड़े कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा।
SIR प्रक्रिया में धांधली का विरोध: कांग्रेस नेताओं ने विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) प्रक्रिया के दौरान हो रही कथित अनियमितताओं और धांधली पर गहरी चिंता व्यक्त की। विभाग ने निर्णय लिया है कि वह जनता के बीच जाकर इस मुद्दे को उजागर करेगा और लोकतांत्रिक अधिकारों की रक्षा के लिए संघर्ष करेगा।
डॉ. अमीनुल खान सूरी ने पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि अल्पसंख्यक कांग्रेस प्रदेश में एक मजबूत स्तंभ की तरह काम करेगी और जनहित के मुद्दों पर सरकार को घेरने का काम करेगी। अमीन मेमन ने सभी जिला अध्यक्षों को निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में जाकर संगठन की कार्य योजना को जमीन पर उतारें।
इस अवसर शक्ति से सफीक अहमद एवं घोघरी से इस्माइल खान बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ