*सेवा संकल्प अभियान : 2026,छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग अध्यक्ष की उपस्थिति में विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भागीदारी पर हुआ मंथन*

 


विपरीत परिस्थितियों से आगे बढ़ने पर जरूर मिलती है सफलता - छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर

सक्ती में युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम का हुआ आयोजन, उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान


           सक्ती, 12 अक्टूबर 2026// सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के निर्माण में युवाओं की सक्रिय भूमिका एवं सहभागिता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से सक्ती में “युवा उड़ान 2026” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में युवाओं की प्रतिभा, नवाचार तथा राष्ट्र एवं प्रदेश के विकास में उनकी भूमिका पर परिचर्चा की गई। कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग के अध्यक्ष श्री विश्व विजय सिंह तोमर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती द्रौपती कीर्तन चंद्रा, पूर्व विधायक डॉ. खिलावन साहू, श्री टिकेश्वर गबेल, श्री अभिषेक शर्मा सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि, मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन, डिप्टी कलेक्टर श्री प्रीतेश राजपूत, विभागीय अधिकारी एवं बड़ी संख्या में युवा और आम नागरिक उपस्थित रहे।

     कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्य अतिथि श्री विश्व विजय सिंह तोमर ने युवाओं की ऊर्जा, प्रतिभा और क्षमता को देश एवं प्रदेश के विकास की महत्वपूर्ण शक्ति बताया। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों से आगे बढ़ने पर हमें सफलता जरूर मिलती है। उन्होंने कहा कि हर युवा हर बच्चे की परिस्थिति अलग होती है। इसलिए हमें अपनी परिस्थितियों से ऊपर उठकर आगे बढ़ने का प्रयास जरूर करना चाहिए। उन्होंने कहा कि आज के समय में पढ़ाई के साथ साथ खेलों के क्षेत्र में भी आगे बढ़ने की अपार संभावनाएं है। उन्होंने प्रदेश से खेल के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर अपना भविष्य बनाने वाले खिलाड़ियों के बारे में भी युवाओं को जानकारी दी। उन्होंने युवा उड़ान 2026 कार्यक्रम के दौरान उपस्थित बड़ी संख्याओ में युवाओं से अपने संस्कार अपनी परम्परा अपने घर परिवार, गांव व विरासत को साथ रखते हुए जीवन में आगे बढ़ने की बात कही। उन्होंने युवाओं से लक्ष्य निर्धारित कर अनुशासन, सकारात्मक सोच और निरंतर मेहनत के साथ आगे बढ़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि सफलता का कोई शॉर्टकट नहीं होता, बल्कि संघर्ष, मेहनत और निरंतर प्रयास ही सफलता की वास्तविक कुंजी हैं। युवाओं को असफलताओं से सीख लेकर अपने समय एवं ऊर्जा का सदुपयोग कर आगे बढ़ना चाहिए।

        श्री तोमर ने वर्तमान दौर में सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव का उल्लेख करते हुए इनके सकारात्मक एवं जिम्मेदार उपयोग पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि आधुनिक तकनीक युवाओं के लिए सीखने, नवाचार करने और आगे बढ़ने के नए अवसर प्रदान कर रही है। उन्होंने युवाओं को शिक्षा, खेल एवं कौशल विकास के क्षेत्र में अपनी रुचि और प्रतिभा के अनुरूप लक्ष्य निर्धारित कर बेहतर प्रदर्शन करने के लिए प्रेरित किया। 

युवाओं से संवाद कर सुझाव आमंत्रित किए गए

           कार्यक्रम के दौरान श्री तोमर ने युवाओं से सीधे संवाद कर उनकी रुचियों, चुनौतियों एवं आकांक्षाओं के संबंध में चर्चा की। शिक्षा, रोजगार, खेल, कौशल विकास, नवाचार एवं स्थानीय समस्याओं से जुड़े विषयों पर युवाओं के विचार और सुझाव सुने गए। कार्यक्रम में युवाओं को करियर मार्गदर्शन पुस्तकों का वितरण भी किया गया।

उत्कृष्ट खिलाड़ियों का हुआ सम्मान

      कार्यक्रम के दौरान विभिन्न खेलों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। अतिथियों ने खिलाड़ियों की उपलब्धियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की तथा उन्हें निरंतर मेहनत और अभ्यास के माध्यम से आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य युवाओं को विकसित भारत एवं विकसित छत्तीसगढ़ के संकल्प से जोड़ना, उनकी प्रतिभा एवं नवाचार को प्रोत्साहित करना तथा प्रदेश के विकास में उनकी सक्रिय सहभागिता सुनिश्चित करना रहा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689