*कलेक्टर के निर्देशन में डिजिटल फसल सर्वेक्षण हेतु प्रशिक्षण आयोजित



        सक्ती, 21 जुलाई 2026/ कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देशन में अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम की अध्यक्षता में खरीफ वर्ष 2026 के लिए प्रस्तावित डिजिटल फसल सर्वेक्षण (डीसीएस) के सफल एवं समयबद्ध संचालन हेतु आज कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान डिजिटल फसल सर्वेक्षण (DCS) के संबंध में शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों, समय-सीमा एवं कार्यप्रणाली की विस्तृत जानकारी दी गई। बताया गया कि खरीफ वर्ष 2026 के लिए डिजिटल फसल सर्वेक्षण का कार्य 17 अगस्त 2026 से प्रारंभ होकर 30 सितंबर 2026 तक संचालित किया जाएगा तथा निर्धारित अवधि में किसी प्रकार की समय वृद्धि नहीं की जाएगी।

अपर कलेक्टर श्री बालेश्वर राम ने कहा कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण शासन की महत्वपूर्ण पहल है, जिसके माध्यम से फसलों का वास्तविक एवं सटीक आंकलन किया जाएगा। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सर्वेक्षण कार्य को पूरी गंभीरता, शुद्धता एवं समयबद्धता के साथ संपादित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सर्वेक्षण कार्य का नियमित पर्यवेक्षण एवं सत्यापन सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसानों से संबंधित आंकड़े त्रुटिरहित रूप से दर्ज हो सकें।

प्रशिक्षण में बताया गया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षणकर्ताओं का चयन तहसीलदारों के माध्यम से किया जाएगा तथा चयनित सर्वेक्षणकर्ताओं को 21 जुलाई से 5 अगस्त 2026 तक प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा। सर्वेक्षणकर्ताओं के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता, एंड्रॉयड मोबाइल (वर्जन 9 या उससे अधिक), इंटरनेट सुविधा, आधार नंबर एवं बैंक खाता होना अनिवार्य है। सर्वेक्षणकर्ताओं की आयु 18 वर्ष से अधिक होना आवश्यक होगा।

बैठक में सर्वेक्षण कार्य के आवंटन, लॉगिन आईडी निर्माण, सत्यापन प्रक्रिया, मानदेय भुगतान एवं निगरानी व्यवस्था सहित विभिन्न तकनीकी बिंदुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि डिजिटल फसल सर्वेक्षण कार्य को निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के लिए आवश्यक तैयारियां समय रहते सुनिश्चित की जाएं। प्रशिक्षण में अनुविभागीय कृषि अधिकारी श्री कृतराज, जिले के विभिन्न तहसीलदार, नायब तहसीलदार, राजस्व निरीक्षक, पटवारी सहित कृषि विभाग और राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689