सक्ती। सक्ती जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल दमाऊ धारा में मंगलवार को एक बार फिर दर्दनाक हादसा हो गया। भिलाई से दोस्तों के साथ घूमने आए 22 वर्षीय युवक की नदी में नहाने के दौरान डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस, स्थानीय प्रशासन और गोताखोरों की टीम ने तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर में रेस्क्यू टीम ने युवक का शव नदी से बरामद कर लिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार भिलाई से युवकों का एक समूह दमाऊ धारा घूमने पहुंचा था। सभी नदी में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान एक युवक अचानक गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। साथियों ने उसे बचाने का हरसंभव प्रयास किया, लेकिन वह देखते ही देखते पानी में समा गया। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और तत्काल पुलिस को सूचना दी गई।
कई घंटे चला रेस्क्यू अभियान
सूचना मिलते ही पुलिस, स्थानीय प्रशासन एवं गोताखोरों की टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश शुरू की गई। नदी में लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया गया। काफी मशक्कत के बाद दोपहर में रेस्क्यू टीम ने युवक का शव बरामद कर लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए पुलिस ने आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहले भी हो चुके हैं कई हादसे
दमाऊ धारा में इससे पहले भी डूबने की कई घटनाएं सामने आ चुकी हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि यहां नदी के कुछ हिस्सों में पानी काफी गहरा है और बहाव भी तेज रहता है, जिससे अनजान पर्यटक हादसों का शिकार हो जाते हैं।
प्रशासन की अपील
प्रशासन ने पर्यटकों से अपील की है कि प्राकृतिक पर्यटन स्थलों पर घूमने के दौरान विशेष सावधानी बरतें। नदी, झरनों और गहरे जल क्षेत्र में बिना जानकारी के प्रवेश न करें

0 टिप्पणियाँ