सक्ती - जिले के ग्राम पंचायत धमनी में बिजली विभाग की अव्यवस्था और लचर कार्यप्रणाली से ग्रामीणों का धैर्य जवाब देने लगा है। आए दिन घंटों बिजली गुल रहने और मामूली हवा चलने पर भी आपूर्ति बंद कर दिए जाने से नाराज ग्रामीणों ने छपोरा विद्युत सब स्टेशन पहुंचकर जूनियर इंजीनियर को ज्ञापन सौंपा ग्रामीणों ने नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने तथा नारियारा स्टेशन से धमनी आने वाले फीडर पर एबी स्विच लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का आरोप है कि
हल्की हवा या सामान्य तकनीकी समस्या के नाम पर 10 से 12 घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। इससे किसानों की सिंचाई प्रभावित हो रही है, बच्चों की पढ़ाई बाधित हो रही है और पेयजल सहित दैनिक उपयोग के पानी के लिए भी लोगों को भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायतों के बावजूद स्थिति में कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि
छपोरा सब स्टेशन की लचर व्यवस्था का खामियाजा केवल धमनी ही नहीं, बल्कि आसपास के उपभोक्ताओं को भी भुगतना पड़ रहा है। समय पर फॉल्ट दूर नहीं किए जाने और वैकल्पिक व्यवस्था के अभाव के कारण छोटी-सी तकनीकी समस्या भी घंटों की बिजली कटौती में बदल जाती है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि
यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया और उनकी मांगों पर गंभीरता से कार्रवाई नहीं हुई, तो वे व्यापक जनआंदोलन करने को मजबूर होंगे ज्ञापन सौंपने के दौरान जनपद सदस्य विजय केशी, युवा नेता संजय यादव, मुकुंदराम भारद्वाज, सुरेश बंजारे, राजू खूंटे, विकास कोयल सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।
अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि
क्या बिजली विभाग ग्रामीणों की जायज मांगों पर तत्काल कार्रवाई कर वर्षों से चली आ रही समस्याओं का समाधान करेगा, या फिर उपभोक्ताओं को इसी तरह लंबी बिजली कटौती और विभागीय लापरवाही का सामना करना पड़ता रहेगा।


0 टिप्पणियाँ