सक्ती। सक्ती विकासखंड के ग्राम पंचायत नवापारा खुर्द में पंचायत सचिव को हटाने की मांग को लेकर चल रहे विवाद में अब एक नया मोड़ आ गया है। सचिव श्री नितेश कुमार गबेल के समर्थन में ग्राम पंचायत के पंच और भारी संख्या में ग्रामीण लामबंद हो गए हैं। 25 मई को ग्रामीणों और जनप्रतिनिधियों ने जिला कलेक्ट्रेट कार्यालय जेठा पहुंचकर कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा। इसके साथ ही ज्ञापन की प्रतिलिपि जिला पंचायत सीईओ, एसडीएम और जनपद पंचायत सीईओ को भी भेजी गई है।
सचिव पर लगे आरोप बेबुनियाद, निष्ठापूर्वक कर रहे काम
सौंपे गए ज्ञापन में ग्रामीणों और पंचों ने स्पष्ट किया है कि सचिव नितेश कुमार गबेल पिछले 4-5 वर्षों से पंचायत में पूरी निष्ठा और जिम्मेदारी के साथ कार्य कर रहे हैं। उनके कार्यकाल में ग्रामीणों को केंद्र और राज्य सरकार की सभी जनकल्याणकारी योजनाओं का सुचारू लाभ मिल रहा है। नियमित रूप से पंचायत में उपस्थित रहकर जनता के कार्यों का निपटारा करना और समय-समय पर स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन कर ग्रामीणों को राहत पहुंचाना उनकी कार्यशैली का हिस्सा रहा है। वित्तीय गड़बड़ी के लिए दबाव बनाने का आरोप
ग्रामीणों ने ज्ञापन में सनसनीखेज आरोप लगाते हुए कहा कि:
सरपंच को गुमराह करना: ग्राम की सरपंच एक आदिवासी महिला हैं, जिन्हे कुछ पंचों द्वारा बहला-फुसलाकर मनमाने ढंग से कार्य कराया जा रहा है।
फर्जी भुगतान का दबाव: सचिव के ऊपर बिना कार्य प्रारंभ किए राशि आहरण करने और बिना एस्टीमेट व कम गुणवत्ता वाले कार्यों के लिए अधिक राशि निकालने का अनैतिक दबाव बनाया जा रहा है।
सामग्री भुगतान से बचने की कुछ पंचों द्वारा पेयजल व्यवस्था (बोर खनन, पंप स्थापना, हैंडपंप सामग्री) के लिए सचिव के माध्यम से सामग्री क्रय की गई थी। अब इस राशि का भुगतान न करना पड़े, इसलिए द्वेषवश ग्रामीणों को भड़काकर सचिव को हटाने की साजिश रची जा रही है।
ग्रामीणों की चेतावनी: "सचिव नितेश कुमार गबेल का कार्य पूरी तरह पारदर्शी है। यदि राजनीतिक द्वेष के कारण उनका ट्रांसफर किया जाता है, तो समस्त ग्रामवासी चक्काजाम और उग्र प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।"
विकासखंड में सर्वश्रेष्ठ सचिव के रूप में पहचान
छत्तीसगढ़ शासन के पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग में नितेश कुमार गबेल की पहचान एक बेहद सक्रिय और ईमानदार सचिव के रूप में होती है। शासन की योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने की उनकी सक्रियता क्षेत्र में एक मिसाल है। यही वजह है कि आज पूरी पंचायत की जनता उनके कार्यों से संतुष्ट है और उनके समर्थन में खुलकर सड़कों पर उतर आई है।

0 टिप्पणियाँ