सक्ती – जनपद पंचायत जैजैपुर अंतर्गत आने वाले ग्राम पंचायत हरेठीकला में सरकारी भूमि पर अवैध कब्जे का एक गंभीर मामला सामने आया है। ग्राम पंचायत की सरपंच श्रीमती सुशीला सिदार ने कलेक्टर सक्ती, अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) तथा तहसीलदार हसौद को लिखित शिकायत सौंपकर पंचायत के सात पंचों पर शासकीय भूमि पर बेजा कब्जा करने का आरोप लगाया है।
सरपंच श्रीमती सुशीला सिदार द्वारा दी गई शिकायत के अनुसार, ग्राम पंचायत के निम्नलिखित पंचों पर शासकीय भूमि पर अवैध रूप से मकान, बाड़ी तथा खेत बनाकर कब्जा करने का आरोप है:
श्रीमती कमली बाई (पति: प्रेम लाल यादव),श्रीमती लीला बाई (पति: सनद सिदार),श्रीमती तुलसी बाई (पति: रामहैया),श्रीमती हीराबाई (पति: भोलाराम),श्रीमती बदरा बाई (पति: देवराम),श्रीमती प्रेमा देवी (पति: कृष्ण कुमार),श्री रामलाल (पिता: रामसिंह)
सरपंच ने अपनी शिकायत में स्पष्ट किया है कि जनप्रतिनिधि होने के बावजूद इन पंचों द्वारा शासकीय भूमि पर बेजा कब्जा कर पक्का निर्माण व खेती की जा रही है, जो कि पंचायत अधिनियम व प्रशासनिक नियमों का उल्लंघन है।
शिकायत पत्र के माध्यम से सरपंच ने उच्च अधिकारियों से मांग की है कि बेजा कब्जा करने वाले सभी पंचों के खिलाफ बेदखली की सख्त कार्रवाई की जाए और उन्हें तत्काल प्रभाव से पंच पद से पृथक (बर्खास्त) किया जाए। मामला सामने आने के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और अब नजरें प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हैं।




0 टिप्पणियाँ