प्रशासन की अनदेखी से गहराया संकट, पूर्व चेतावनी के बाद भी नहीं जागा नगर पालिका प्रशासन
सक्ती –नगर में आवारा कुत्तों का आतंक अब घातक रूप ले चुका है। हाल ही में शहर के वार्ड क्रमांक 3, 4, 5, 6 और 7 में एक लाल रंग के पागल कुत्ते ने भारी आतंक मचाते हुए लगभग 10 से 15 राहगीरों व स्थानीय निवासियों को काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया है। एक साथ कई वार्डों में हुई इस घटना से पूरे नगर में भय और दहशत का माहौल निर्मित हो गया है। स्थिति यह है कि लोग अब अपने बच्चों को घरों से बाहर निकालने और खुद भी पैदल निकलने से कतरा रहे हैं।
,केजीएन न्यूज, की चेतावनी हुई सच
उल्लेखनीय है कि समाचार पत्र 'केजीएन न्यूज़' ने बीते 24 तारीख के अंक में नगर में लगातार बढ़ रही आवारा कुत्तों की संख्या और इससे होने वाली संभावित अप्रिय घटना को लेकर प्रमुखता से खबर प्रकाशित की थी। खबर के माध्यम से शासन-प्रशासन का ध्यान इस गंभीर समस्या की ओर आकर्षित करते हुए समय रहते कार्रवाई की मांग की गई थी। लेकिन जिम्मेदार अधिकारियों ने इस चेतावनी को गंभीरता से नहीं लिया, जिसका खामियाजा आज नगरवासियों को भुगतना पड़ रहा है।
तत्काल कदम नहीं उठाए तो बिगड़ेगी स्थिति
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि यदि प्रशासन ने अब भी त्वरित संज्ञान लेकर इस लाल रंग के कुत्ते को पकड़ने और बाकी आवारा कुत्तों के नियंत्रण/बंध्याकरण हेतु अभियान नहीं चलाया, तो कांटने की घटनाओं में और इजाफा हो सकता है। जनहित में मांग की गई है कि स्वास्थ्य विभाग एवं नगर पालिका प्रशासन तत्काल प्रभावित वार्डों में एटी-रेबीज इंजेक्शन की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करे और आवारा कुत्तों को पकड़ने के लिए विशेष टीम गठित करे।

0 टिप्पणियाँ