*आधुनिक तकनीक से सुसज्जित हुई सक्ती पुलिस, थाना-चौकी प्रभारियों एवं विवेचकों को वितरित किए गए आधुनिक स्मार्टफोन*






छत्तीसगढ़ शासन एवं पुलिस मुख्यालय द्वारा पुलिसिंग को अधिक प्रभावी, वैज्ञानिक एवं तकनीक आधारित बनाने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में सक्ती जिला पुलिस को भी आधुनिक तकनीकी संसाधनों से सशक्त किया जा रहा है, जिससे अपराधों की विवेचना को अधिक गुणवत्तापूर्ण, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुख बनाया जा सके।


ज्ञात हो कि हाल ही में प्रदेश के सभी जिलों को लगभग 65 लाख रुपये मूल्य की एफएसएल (फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी) मोबाइल यूनिट वैन उपलब्ध कराई गई है, जिसके माध्यम से घटनास्थल से वैज्ञानिक साक्ष्यों का सुरक्षित एवं व्यवस्थित संकलन किया जा रहा है। इससे विवेचना की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होने के साथ-साथ न्यायालय में साक्ष्यों की मजबूती बढ़ेगी तथा अपराधियों को दोषसिद्ध कराकर कठोर दंड दिलाने में सहायता मिलेगी।


इसी क्रम में पुलिस मुख्यालय, रायपुर द्वारा सक्ती जिले के सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विवेचकों को आधुनिक सैमसंग स्मार्टफोन उपलब्ध कराए गए हैं। इन स्मार्टफोन का वितरण आज पुलिस अधीक्षक कार्यालय, सक्ती के सभागार में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधीक्षक श्री प्रफुल्ल कुमार ठाकुर द्वारा किया गया।


इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक श्री ठाकुर ने कहा कि वर्तमान समय में अपराधों की विवेचना में आधुनिक तकनीक की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण हो गई है। स्मार्टफोन के माध्यम से घटनास्थल का त्वरित दस्तावेजीकरण, डिजिटल साक्ष्यों का सुरक्षित संकलन, ऑनलाइन समन्वय, पुलिस एप्लीकेशन का उपयोग तथा विवेचना संबंधी अन्य कार्य अधिक प्रभावी एवं समयबद्ध ढंग से किए जा सकेंगे। उन्होंने सभी थाना एवं चौकी प्रभारियों तथा विवेचकों को तकनीकी संसाधनों का बेहतर उपयोग कर वैज्ञानिक एवं निष्पक्ष विवेचना सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

*कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री पंकज पटेल, स्टेनो निरीक्षक श्री वाय.एन. शर्मा, रक्षित निरीक्षक श्री उमेश राय सहित थाना प्रभारी सक्ती निरीक्षक लखन पटेल, थाना प्रभारी डभरा निरीक्षक राजेश पटेल, थाना प्रभारी चंद्रपुर निरीक्षक जितेंद्र कोसले, थाना प्रभारी बाराद्वार निरीक्षक नरेंद्र यादव, थाना प्रभारी नगरदा निरीक्षक कमल किशोर महतो, थाना प्रभारी जैजैपुर उप निरीक्षक भूपेंद्र चंद्रा, चौकी प्रभारी सकर्रा , चौकी प्रभारी अड़भार, चौकी प्रभारी छपोरा सहित जिले के समस्त थाना एवं चौकी प्रभारी तथा विवेचकगण उपस्थित रहे।

सक्ती पुलिस आधुनिक तकनीक एवं वैज्ञानिक अनुसंधान के माध्यम से प्रभावी पुलिसिंग को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। आधुनिक संसाधनों के उपयोग से अपराधों की विवेचना और अधिक प्रभावी होगी तथा न्यायालय में दोषसिद्धि की दर बढ़ाने में महत्वपूर्ण सहायता मिलेगी।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689