सक्ती। जिले में शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे दिनदहाड़े एक सनसनीखेज वारदात सामने आई, सक्ती थाना क्षेत्र के ग्राम जोंगरा में दो अज्ञात बदमाशों ने एक युवती को गोली मार दी। गोली लगने से युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। जिसके बाद इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।


प्राप्त जानकारी के अनुसार दो युवक ग्राम जोंगरा के पूर्णिमा चौहान के घर पहुंचे, युवती के बड़े भाई से आरोपियों ने घर की तस्दीक करते हुए युवती को घर के आंगन में बुलाया, युवती आते ही पूछी की क्या काम है तो एक आरोपी ने कहा आयुर्वेदिक दवाई लेनी है और अपने पास रखे देसी पिस्टल से तीन फायरिंग की जो युवती के माथे और शरीर के अन्य हिस्से में लगी, घटना को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी मौके से फरार हो गए। गोली कांड की बात पूरे गांव सहित क्षेत्र में आग की तरह फ़ैल गई, घटना की जानकारी परिजनों द्वारा 112 को दी गई, सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची साथ ही एफएसएल की टीम भी मौके पर पहुंच घटना की बारीकी से जांच शुरू कर दी है।

मृतिका की पहचान पूर्णिमा चौहान (25 वर्ष) के रूप मे हुई है। गोली चलने की आवाज सुनकर युवती के परिजन तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों बदमाश वहां से भाग चुके थे। परिजनों ने तत्काल डायल 112 को सूचना दी। सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवती को सरकारी अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई है।


घटना की जानकारी मिलते ही सक्ती थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाने शुरू कर दिए हैं। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय की जा चुकी है।

फिलहाल पुलिस ने इस वारदात के पीछे के कारणों का खुलासा नहीं किया है। वहीं पुलिस अधीक्षक प्रफुल्ल ठाकुर ने बताया की संदिग्धों की पहचान की जा रही है, परिजनों सहित जिस कंपनी में युवती कार्य करती थी उनसे भी जानकारी इकट्ठी की जा रही है, अभी तक यह भी स्पष्ट नहीं हो सका है कि हमला किन वजहों से किया गया और आरोपी कौन थे। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।