सक्ती। "हमारा संकल्प – स्वच्छ गार्डन महाअभियान, सुंदर कल" के उद्देश्य को लेकर मातृ शक्ति एवं श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार, सक्ती के सदस्यों द्वारा श्यामा मुखर्जी वाटिका में विशेष स्वच्छता महा-अभियान चलाया गया। इस दौरान सभी सदस्यों ने मिलकर वाटिका परिसर की साफ-सफाई की, सूखे पत्तों, कचरे एवं प्लास्टिक को हटाया तथा बगीचे को स्वच्छ, सुंदर और हरित बनाने का संकल्प लिया।
अभियान के दौरान गार्डन की सफाई, घास की कटाई, नए पौधों के संरक्षण एवं परिसर की व्यवस्था सुधारने पर विशेष ध्यान दिया गया। मातृ शक्ति की सक्रिय सहभागिता से पूरे कार्यक्रम में उत्साह और जन-जागरूकता का वातावरण देखने को मिला।
*इस अवसर पर नगर पालिका अध्यक्ष एवं गार्डन संरक्षक श्री श्याम सुन्दर अग्रवाल जी ने* आसपास के नागरिकों से इस स्वच्छता एवं हरियाली अभियान में बढ़-चढ़कर जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि "श्यामा मुखर्जी वाटिका हम सभी की धरोहर है। आइए, हम सब मिलकर इसे पुनः हरा-भरा, स्वच्छ और आकर्षक बनाएं, ताकि आने वाली पीढ़ियों को एक सुंदर और स्वच्छ पर्यावरण मिल सके।"
उन्होंने कहा कि जनसहभागिता से ही किसी भी सार्वजनिक स्थल का संरक्षण संभव है। *वहीं, गार्डन मार्गदर्शक एवं वार्ड क्रमांक-2 के पार्षद श्री रामसंजीवन जी ने* भी नागरिकों से नियमित रूप से स्वच्छता और पौधारोपण गतिविधियों में भाग लेने का आग्रह किया।
श्री सिद्ध हनुमान मंदिर परिवार द्वारा गार्डन की स्वच्छता, हरियाली एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए लगातार कार्य किया जा रहा है। परिवार के सदस्य समय-समय पर सफाई अभियान, पौधारोपण एवं जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर लोगों को स्वच्छता और प्रकृति संरक्षण के प्रति प्रेरित कर रहे हैं।
"पेड़ लगाओ, पौधे बचाओ, स्वच्छ बगीचा – सुंदर कल" के संदेश के साथ अभियान का समापन किया गया।

0 टिप्पणियाँ