खाद की कालाबाजारी व अधिक कीमत पर बिक्री करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई

किसानों को उच्च गुणवत्ता वाले खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराना प्राथमिकता


        सक्ती, 30 मई 2026// कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो के निर्देश पर किसानों को उच्च गुणवत्ता युक्त खाद एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने तथा जिले में नकली खाद निर्माण, खाद की कालाबाजारी एवं निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत पर बिक्री करने वाले व्यापारियों पर रोक लगाने के उद्देश्य से जिला एवं विकासखंड स्तरीय टीम द्वारा लगातार निगरानी की जा रही है। इसी क्रम में मेसर्स सूर्य ट्रेडर्स, ग्राम कांशीगढ़ (विकासखंड जैजैपुर), देवांगन कृषि केंद्र रायपुरा तथा महमाया ट्रेडर्स रायपुरा के विक्रय स्थल एवं गोदाम का औचक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान फर्म संचालकों द्वारा अनियमितता पाए जाने पर संबंधित संस्थानों को जप्ती एवं स्पष्टीकरण जारी किया गया। कृषि विभाग के उप संचालक श्री तरुण कुमार प्रधान के मार्गदर्शन में जिला नोडल अधिकारी श्री सुमान सिंह पैकरा, तहसीलदार जैजैपुर श्री विद्याभूषण साव, उर्वरक निरीक्षक श्री कृष्णा सिंह पैकरा एवं श्री भरतलाल प्रधान द्वारा निरीक्षण किया गया। जांच के दौरान कांशीगढ़ स्थित मेसर्स सूर्य ट्रेडर्स के उर्वरक विक्रय लाइसेंस में दर्ज गोदाम के बजाय संचालक के निवास स्थल पर अवैध रूप से एसएसपी की 622 बोरी एवं डीएपी की 10 बोरी उर्वरक का भंडारण पाया गया। अवैध रूप से भंडारित उक्त उर्वरक को तत्काल जब्त कर उसके विक्रय पर प्रतिबंध लगा दिया गया। वहीं देवांगन कृषि केंद्र रायपुरा द्वारा स्कंध पंजी का संधारण नहीं किए जाने तथा किसानों को जारी किए जाने वाले बिलों में हस्ताक्षर नहीं पाए जाने पर स्पष्टीकरण जारी किया गया। इसी प्रकार महमाया ट्रेडर्स रायपुरा में भी अनियमितता पाए जाने पर संबंधित फर्म को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया। उप संचालक कृषि श्री तरुण कुमार प्रधान ने बताया कि किसानों को उचित मूल्य पर गुणवत्तायुक्त खाद, बीज एवं कीटनाशक उपलब्ध कराने के लिए विकासखंडों में कार्यरत उर्वरक एवं कीटनाशी निरीक्षकों को निजी व्यापारियों का नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि किसानों के हितों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।