तंबाकू नियंत्रण एवं जनजागरूकता हेतु अभियान निरंतर जारी
सक्ती, 07 मई 2026// “सही दवा शुद्ध आहार, यही छत्तीसगढ़ का आधार” अभियान के तहत जिले में तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान रोकने के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया गया। कलेक्टर के निर्देशानुसार तथा मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सक्ती के मार्गदर्शन में औषधि निरीक्षक दुर्गेश कैवर्त एवं पुलिस विभाग थाना बाराद्वार में पदस्थ श्री अयूब खान एवं श्री राजेश्वर कुर्रे की संयुक्त टीम द्वारा यह कार्रवाई की गई।अभियान के दौरान बाराद्वार क्षेत्र के संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले स्थानों का निरीक्षण कर गुटखा, बीड़ी, सिगरेट, पान मसाला, जर्दा एवं अन्य तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री पर रोक लगाने हेतु सघन जांच की गई। जांच के दौरान कई दुकानदार कोटपा एक्ट के प्रावधानों का उल्लंघन करते पाए गए, जिनके विरुद्ध मौके पर कुल 12 चालानी कार्रवाई करते हुए 2400 रुपये का जुर्माना वसूला गया। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों को धूम्रपान निषेध संबंधी चेतावनी बोर्ड अनिवार्य रूप से लगाने तथा सार्वजनिक रूप से धूम्रपान करने वालों को लाइटर एवं माचिस उपलब्ध नहीं कराने के निर्देश भी दिए गए। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर तंबाकू सेवन एवं बिक्री के विरुद्ध आगे भी लगातार अभियान जारी रहेगा, ताकि लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जा सके और स्वस्थ समाज का निर्माण हो सके।

0 टिप्पणियाँ