सक्ति। भीषण गर्मी के प्रकोप को देखते हुए बच्चों को राहत पहुँचाने और शिक्षा के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से ऑल इंडिया लीनेस क्लब्स CG-01 स्वर्णिम लीनेस क्लब सक्ति द्वारा एक सराहनीय पहल की गई। चार्टर अध्यक्ष लीनेस शहनाज बानो के नेतृत्व एवं चेयरपर्सन लीनेस मीरा देवांगन की अध्यक्षता में 'डिस्ट्रिक्ट प्रोजेक्ट शिक्षा' के तहत विभिन्न गतिविधियों का आयोजन किया गया।
मसनिया खुर्द में बच्चों का उत्साहवर्धन
क्लब के सदस्यों ने मसनिया खुर्द स्थित बालक आश्रम एवं प्राथमिक विद्यालय का भ्रमण किया। इस दौरान चेयरपर्सन मीरा देवांगन ने बच्चों को गर्मी से बचाव के लिए पानी की बोतलों का वितरण किया। कार्यक्रम में बच्चों के बीच पहुँचकर उनका हाल-चाल जाना गया और उनके द्वारा बनाए गए विज्ञान व कला मॉडल का अवलोकन कर उनकी प्रतिभा की सराहना की गई।
प्रतियोगिता और सम्मान
शिक्षा को रोचक बनाने के लिए बच्चों से पढ़ाई से संबंधित प्रश्न पूछे गए। सही जवाब देने वाले छात्र-छात्राओं को पेन और उपहार देकर पुरस्कृत किया गया। कक्षा में सर्वश्रेष्ठ अंक प्राप्त करने वाले विद्यार्थी को मेडल पहनाकर सम्मानित किया गया। बच्चों की खुशियों में इजाफा करने के लिए उन्हें चाकलेट भी बांटे गए।
शिक्षकों का सम्मान
इस अवसर पर शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले राज्यपाल पुरस्कृत प्रधान पाठक श्री शैल पाण्डेय को सावित्री बाई फूले जी का छाया चित्र स्मृति चिन्ह के रूप में भेंट कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मसनिया खुर्द के प्रधान पाठक श्री यशोदा प्रसाद जायसवाल भी उपस्थित रहे।
निरंतर जारी हैं सेवा कार्य
उल्लेखनीय है कि उत्कृष्ट शिक्षिका मीरा देवांगन द्वारा इससे पूर्व प्राथमिक विद्यालय रगजापारा में भी कॉपी, पहाड़ा और पुस्तकों का वितरण किया जा चुका है। साथ ही नवरात्रि के पावन अवसर पर बच्चों के लिए 'न्योता भोज' का भी सफल आयोजन किया गया था।
उपस्थिति:
इस सेवा कार्य में सचिव लीनेस निकहत करीम मलिक, कोषाध्यक्ष लीनेस प्रिया दूबे, अनीता सिंह सहित स्कूल के शिक्षकगण और बड़ी संख्या में छात्र उपस्थित थे।

0 टिप्पणियाँ