सक्ती। सक्ती विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण इलाकों में बुनियादी सुविधाओं के विस्तार और जल संरक्षण की दिशा में एक बड़ी सफलता मिली है। क्षेत्र के विधायक एवं विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरण दास महंत के विशेष प्रयासों से अधोसंरचना विकास एवं पर्यावरण उपकर निधि के अंतर्गत 1 करोड़ 1 लाख रुपये की लागत से विभिन्न पुल-पुलिया, चेक डैम और स्टॉप डैम निर्माण कार्यों को राजस्व मंत्री टंक राम वर्मा ने स्वीकृति प्रदान की है।
इन क्षेत्रों में होंगे विकास कार्य
विधायक प्रतिनिधि एवं जिला कांग्रेस कमेटी के महामंत्री गिरधर जायसवाल ने बताया कि जनसंपर्क और प्रवास के दौरान पंचायत प्रतिनिधियों एवं ग्रामीणों द्वारा लगातार इन निर्माण कार्यों की मांग की जा रही थी। स्वीकृत राशि से निम्नलिखित क्षेत्रों में कार्य कराए जाएंगे:
विकासखंड सक्ती: घुइछुआ, बोरदा, धनपुर और बैलचुआ।
विकासखंड बम्हनीडीह एवं बलौदा: कोसमंदा, खम्हिया, उच्चभिठी, झरना और संजय ग्राम।
ग्रामीणों की पुरानी मांग हुई पूरी
कांग्रेस नेताओं और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने इस उपलब्धि पर डॉ. महंत का आभार व्यक्त किया है। कार्यकर्ताओं का कहना है कि डॉ. महंत ने आदिवासी बहुल इलाकों की समस्याओं को प्राथमिकता देते हुए लंबे समय से लंबित इन मांगों को पूरा करवाया है।
मिलेगी बड़ी राहत
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार, इन क्षेत्रों में नदी-नालों पर पुलिया और स्टॉप डैम बन जाने से आवागमन सुगम होगा और जल स्तर में सुधार आएगा। विशेषकर बारिश के दिनों में होने वाली परेशानियों से मुक्ति मिलेगी और किसानों को सिंचाई के लिए भी लाभ होगा।
विकास कार्यों की इस सौगात पर क्षेत्र के कांग्रेसजनों और ग्रामीणों ने डॉ. महंत के प्रति धन्यवाद ज्ञापित किया है।

0 टिप्पणियाँ