सक्ती, 17 मार्च 2026/ छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड की प्रबंध संचालक श्रीमती रीता यादव (आईएएस) द्वारा विभागीय योजनाओं के अंतर्गत प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम एवं मुख्यमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम से लाभान्वित हितग्राहियों का उनके इकाइयों में पहुंचकर आकस्मिक निरीक्षण एवं अवलोकन किया गया।
छत्तीसगढ़ खादी तथा ग्रामोद्योग बोर्ड जिला पंचायत सक्ती से प्राप्त जानकारी अनुसार निरीक्षण के दौरान ग्राम पंचायत सकरेली कला में संचालित फर्नीचर निर्माण इकाई का अवलोकन किया गया, जहां संचालक श्री पवन साहू द्वारा इकाई में संचालित गतिविधियों की विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि इस इकाई के माध्यम से ग्रामीण क्षेत्र में लगभग 40 लोगों को रोजगार से जोड़ा गया है। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पोरथा में महिला हितग्राही श्रीमती नंदिनी राठौर द्वारा बैंक ऋण के माध्यम से संचालित ब्यूटी पार्लर का भी निरीक्षण किया गया। प्रबंध संचालक द्वारा उनके स्वरोजगार प्रयासों की सराहना की गई तथा अन्य योजनाओं के तहत ग्रामोद्योग इकाइयों की स्थापना के संबंध में भी जानकारी प्रदान की गई। श्रीमती यादव ने ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को विभागीय योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक लोगों को स्वरोजगार से जोड़ने पर जोर दिया। साथ ही ग्रामोद्योग के अंतर्गत नई इकाइयों की स्थापना के प्रकरण तैयार कर बैंकों को प्रेषित करने हेतु प्रभारी अधिकारी श्री आशीष सिंह राठौर को आवश्यक निर्देश दिए।

0 टिप्पणियाँ