सक्ति। भारतीय जनता पार्टी संगठन ने शक्ति जिले में अपनी पकड़ मजबूत करने और आगामी सांगठनिक कार्यों को गति देने के लिए प्रेम पटेल को भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा का जिला अध्यक्ष नियुक्त किया है। यह नियुक्ति भाजपा प्रदेश कार्यालय द्वारा जारी आधिकारिक सूची के बाद हुई है। प्रेम पटेल की नियुक्ति से शक्ति विधानसभा क्षेत्र सहित पूरे जिले के कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह देखा जा रहा है।
जमीनी स्तर के नेता हैं प्रेम पटेल
सक्ति विधानसभा क्षेत्र के नवापाराकलां पंचायत के निवासी प्रेम पटेल की छवि एक सक्रिय और निष्ठावान नेता की रही है। वे वर्तमान में सेवा सहकारी समिति पोरथा के अध्यक्ष पद की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इससे पूर्व उन्होंने भाजपा ग्रामीण मंडल अध्यक्ष के रूप में भी पार्टी को अपनी सेवाएं दी हैं, जहाँ उनके कार्यकाल में संगठन को काफी मजबूती मिली थी।
सामाजिक क्षेत्र में भी गहरा प्रभाव
राजनीति के साथ-साथ प्रेम पटेल सामाजिक कार्यों में भी अग्रणी रहे हैं। वे मरार पटेल समाज के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में प्रदेश संरक्षक के रूप में समाज का मार्गदर्शन कर रहे हैं। उनके नेतृत्व में शक्ति क्षेत्र में समय-समय पर अनेकों बड़े सामाजिक और सांस्कृतिक कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किए जा चुके हैं। समाज में उनकी मजबूत पैठ को देखते हुए ही पार्टी ने उन्हें इस महत्वपूर्ण जिम्मेदारी के लिए चुना है।
विधानसभा चुनाव में भी थे सशक्त दावेदार
गौरतलब है कि पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी की ओर से प्रेम पटेल को एक सशक्त दावेदार के रूप में देखा जा रहा था। हालांकि टिकट न मिलने के बावजूद उन्होंने पार्टी की नीतियों और संगठन के प्रति अपनी अटूट निष्ठा बनाए रखी। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि पिछड़ा वर्ग मोर्चा की कमान सौंपकर भाजपा ने क्षेत्र के ओबीसी समीकरणों को साधने का प्रयास किया है।
बधाइयों का तांता
प्रेम पटेल की नियुक्ति की खबर मिलते ही उनके समर्थकों और भाजपा कार्यकर्ताओं ने आतिशबाजी कर और मिठाई बांटकर खुशियां मनाईं। कार्यकर्ताओं का कहना है कि प्रेम पटेल के नेतृत्व में पिछड़ा वर्ग मोर्चा जिले में नई ऊंचाइयों को छुएगा और सरकार की जनहितकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

0 टिप्पणियाँ