*कलेक्टर व सीईओ की अध्यक्षता में एक दिवसीय निर्यात उन्मुख कार्यशाला सम्पन्न*





एपीईडीए कार्यशाला से सक्ती को मिला निर्यात का नया मार्ग, किसानों को वैश्विक बाजार से जोड़ने की पहल

  सक्ती, 24 फरवरी 2026//कलेक्टर श्री अमृत विकास तोपनो एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत सक्ती श्री वासु जैन की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में एपीईडीए इकाई रायपुर, छत्तीसगढ़ द्वारा एपीईडीए (कृषि एवं प्रसंस्कृत खाद्य उत्पाद निर्यात विकास प्राधिकरण) के तत्वावधान में, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (बिहान) तथा नाबार्ड के सहयोग से “एफ.पी.ओ. हेतु निर्यात अवसरों पर संवेदनशीलता” विषय पर एक दिवसीय निर्यात उन्मुख कार्यशाला का सफल आयोजन किया गया। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य जिले के कृषकों, उत्पादक कंपनियों (एफपीओ) एवं उद्यमियों को निर्यात की संभावनाओं, गुणवत्ता मानकों तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार की आवश्यकताओं के प्रति जागरूक करना था। इस अवसर पर कलेक्टर श्री तोपनो ने कहा कि सक्ती जिला कृषि एवं उद्यानिकी उत्पादन की दृष्टि से समृद्ध है। यदि गुणवत्ता मानकों के अनुरूप निर्यातोन्मुख उत्पादन किया जाए तो किसानों की आय में उल्लेखनीय वृद्धि संभव है। उन्होंने एपीईडीए के दिशा-निर्देशों के पालन तथा अंतरराष्ट्रीय मांग के अनुरूप उत्पादन पर विशेष जोर देते हुए स्थानीय उत्पादों को ब्रांड पहचान दिलाकर राष्ट्रीय एवं वैश्विक बाजार में स्थापित करने की आवश्यकता बताई। मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री जैन ने अपने संबोधन में कहा कि पैकेजिंग और ब्रांडिंग उत्पाद की बाजार पहचान का महत्वपूर्ण आधार है। आकर्षक, मानकीकृत एवं प्रमाणित प्रस्तुति से निर्यात की संभावनाएं बढ़ती हैं। उन्होंने एफपीओ एवं स्व-सहायता समूहों को संगठित रूप से कार्य करते हुए मूल्य संवर्धन और गुणवत्ता नियंत्रण पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी। 

           इस कार्यशाला में एपीईडीए के राज्य सलाहकार श्री आनंद कुमार ने विस्तारपूर्वक जानकारी देते हुए बताया कि अनाज, फल एवं सब्जी उत्पादक यदि निर्धारित गुणवत्ता, ग्रेडिंग, पैकेजिंग, लेबलिंग, निर्यात लाइसेंस तथा क्रेता-विक्रेता संपर्क की प्रक्रिया को समझकर कार्य करें, तो उन्हें वैश्विक बाजार में बेहतर मूल्य प्राप्त हो सकता है। उन्होंने प्रस्तुतीकरण के माध्यम से निर्यात प्रक्रिया, आवश्यक दस्तावेजीकरण एवं संभावित बाजारों पर विस्तार से प्रकाश डाला। इस कार्यशाला के माध्यम से जिले में निर्यात उन्मुख कृषि उत्पादन को बढ़ावा देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है, जिससे सक्ती जिले के उत्पादों को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय बाजार में नई पहचान मिलने की संभावनाएं सशक्त हुई हैं। कार्यक्रम में महाप्रबंधक जिला उद्योग केंद्र, उपसंचालक कृषि, सहायक संचालक उद्यानिकी, कृषि एवं उद्यानिकी विभाग के अधिकारी, जिले के एफपीओ प्रतिनिधि एवं सदस्य, बिहान उत्पाद समूह के अध्यक्ष, राइस मिलर्स, एनआरएलएम (बिहान) के प्रभारी डीपीएम एवं बीपीएम सहित बड़ी संख्या में कृषक एवं उद्यमी उपस्थित रहे।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689