सक्ती, 26 फरवरी 2026// जीवन की मूलभूत आवश्यकताओं रोटी, कपड़ा और आवास में आवास का विशेष महत्व है। प्रत्येक व्यक्ति का सपना होता है कि उसका स्वयं का सुरक्षित और पक्का घर हो। इसी सपने को साकार करने का कार्य प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के माध्यम से निरंतर किया जा रहा है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के अभिसरण से ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले परिवारों के जीवन में सकारात्मक और स्थायी परिवर्तन परिलक्षित हो रहे हैं। इसी क्रम में जनपद पंचायत डभरा के ग्राम पंचायत नवापारा ड निवासी अगहन मती माली की कहानी प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत करती है। वर्षों तक वे कच्चे और असुरक्षित आवास में जीवन यापन कर रही थीं। आर्थिक परिस्थितियाँ इतनी कमजोर थीं कि उन्होंने कभी अपने पक्के घर का सपना भी नहीं देखा था। ग्राम सभा में सर्वसम्मति से उनका चयन प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण के अंतर्गत किया गया और पंचायत प्रतिनिधि एवं आवास मित्र के माध्यम से उन्हें इसकी सूचना प्राप्त हुई। यह समाचार उनके लिए किसी वरदान से कम नहीं था। जिला प्रशासन द्वारा उनके आवास को शीघ्र स्वीकृति प्रदान की गई। प्रथम किश्त के रूप में 40,000 रुपये की राशि एफटीओ के माध्यम से उनके व्यक्तिगत बैंक खाते में अंतरित की गई। निर्माण कार्य की प्रगति के अनुसार द्वितीय किश्त और आवास पूर्ण होने पर तृतीय एवं अंतिम किश्त की राशि भी प्रदान की गई। इसके साथ ही महात्मा गांधी राष्ट्रीय ग्रामीण रोजगार गारंटी योजना के अंतर्गत उन्हें मजदूरी का भुगतान भी प्राप्त हुआ, जिससे निर्माण कार्य में आर्थिक सहयोग मिला। वर्ष 2025-2026 में उनका आवास पूर्ण हुआ और पक्के घर ने उनके जीवन में सुरक्षा, सम्मान और आत्मविश्वास की नई रोशनी भर दी।
प्रधानमंत्री आवास योजना के साथ अन्य योजनाओं के अभिसरण से उनके जीवन में व्यापक परिवर्तन आए। प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत उन्हें गैस सिलेंडर और चूल्हा प्राप्त हुआ, जिससे अब धुएँ से होने वाली समस्याओं से मुक्ति मिली और समय पर भोजन बनाना संभव हुआ। स्वास्थ्य सुरक्षा की दृष्टि से आयुष्मान भारत योजना के अंतर्गत उन्हें आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया, जिससे सरकारी एवं निजी अस्पतालों में 5 लाख रुपये तक का निःशुल्क उपचार संभव है। खाद्य विभाग द्वारा राशन कार्ड उपलब्ध होने से चावल, शक्कर और नमक जैसी आवश्यक वस्तुएँ उन्हें रियायती दरों पर नियमित रूप से प्राप्त हो रही हैं। अपनी सफलता की कहानी साझा करते हुए अगहन मती कहती हैं, “मैंने कभी नहीं सोचा था कि मेरा खुद का पक्का घर होगा। सरकार ने मेरा यह सपना पूरा कर दिया। अब मैं सुरक्षित और सम्मान के साथ जीवन जी रही हूँ।” यह कहानी दर्शाती है कि योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन और समन्वित प्रयास किस प्रकार जरूरतमंद परिवारों के जीवन में स्थायी परिवर्तन ला सकते हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण और अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं ने अगहन मती को केवल एक पक्का मकान ही नहीं दिया, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भरता, सुरक्षा और सम्मान से भरा नया जीवन भी प्रदान किया है।

0 टिप्पणियाँ