सक्ती –जिला मुख्यालय को जोड़ने वाले नवापारा कला से स्टेशन पारा मार्ग पर ओवरलोडेड भारी वाहनों के अनियंत्रित आवागमन से स्थानीय निवासियों और स्कूली बच्चों का जीवन संकट में पड़ गया है। वर्तमान में मात्र 3 मीटर चौड़ी इस संकरी सड़क पर दिन-रात गिट्टी और बालू से लदे भारी-भरकम डंप ट्रकों की अंधी दौड़ जारी है, जिससे हर पल किसी बड़ी दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
वार्ड नंबर 10 के जागरूक नागरिक संतोष यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने सेवा संकल्प शिविर प्रभारी को एक महत्वपूर्ण ज्ञापन सौंपकर इस गंभीर समस्या पर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि इसी मुख्य मार्ग पर 'स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय' स्थित है, जहां रोजाना सैकड़ों छोटे बच्चे इसी जानलेवा रास्ते से होकर गुजरते हैं।
सड़क हो चुकी है जर्जर, रोजाना हो रहे हादसे
ज्ञापन में बताया गया है कि क्षमता से अधिक लोड लेकर चलने वाले वाहनों के कारण सड़क पूरी तरह टूट चुकी है। पूरी सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े जानलेवा गड्ढे बन गए हैं, जिसके कारण आए दिन दुपहिया वाहन चालक दुर्घटनाग्रस्त हो रहे हैं। मालखरौदा और जैजैपुर क्षेत्र से आने वाले हजारों वाहनों के अत्यधिक दबाव के कारण यहां हर समय जाम और हादसों का खतरा चरम पर रहता है।
ग्रामीणों की प्रमुख मांगें:
1. 7 मीटर चौड़ी सीसी रोड: नवापारा कला से स्टेशन पारा तक तत्काल 7 मीटर चौड़ी मजबूत सीसी (CC) रोड का निर्माण कराया जाए।
2. भारी वाहनों पर नो-एंट्री: जब तक सड़क निर्माण कार्य पूरा नहीं हो जाता, तब तक भारी ट्रकों के प्रवेश पर तत्काल प्रभाव से प्रतिबंध लगाया जाए।
3. वैकल्पिक मार्ग की व्यवस्था: भारी वाहनों के लिए शहर के बाहर से तत्काल किसी अन्य रूट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने प्रशासन को दो टूक चेतावनी दी है कि यदि समय रहते इस अति-संवेदनशील मामले में ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो वे उग्र आंदोलन करने के लिए मजबूर होंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी।

0 टिप्पणियाँ