सेवानिवृत्त जिला क्रीड़ा अधिकारी एन.पी. गोपाल सहित शिक्षाविदों का हुआ सम्मान
सक्ती। जे बी डी ए व्ही हायर सेकेण्डरी स्कूल सक्ती में शनिवार को 64वाँ शिक्षक दिवस हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम में शिक्षा के क्षेत्र में अपना महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सेवानिवृत्त जिला क्रीड़ा अधिकारी श्री एन.पी. गोपाल, शासकीय उ.मा.वि. नन्दौर के प्राचार्य श्री पी.एस. राव एवं शासकीय उ.मा.वि. रगजा के प्रभारी प्राचार्य श्री श्यामता पटेल का सम्मान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। विद्यालय के विद्यार्थियों ने गुरुजनों के सम्मान में सांस्कृतिक प्रस्तुतियाँ, गीत एवं प्रेरणादायी कार्यक्रम प्रस्तुत कर उपस्थित अतिथियों एवं शिक्षकों का मन मोह लिया।
इस अवसर पर सम्मानित अतिथियों ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि शिक्षक केवल पुस्तकीय ज्ञान देने वाला व्यक्ति नहीं, बल्कि विद्यार्थी के व्यक्तित्व, संस्कार और भविष्य का निर्माता होता है। शिक्षक के मार्गदर्शन से विद्यार्थी अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ता है और समाज एवं राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों ने अपने गुरुजनों के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त करते हुए कहा कि शिक्षक का स्थान समाज में सदैव सर्वोच्च रहा है। विद्यालय में शिक्षक दिवस का यह आयोजन गुरु-शिष्य परंपरा, सम्मान और संस्कारों की जीवंत मिसाल बन गया।
विद्यालय प्रबंधन की ओर से अतिथियों एवं शिक्षकों का सम्मान करते हुए उनके शिक्षा एवं समाज के प्रति योगदान के लिए आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्सव एवं आत्मीयता का वातावरण बना रहा।
कार्यक्रम में डायरेक्टर श्री अंकित दरयानी, संरक्षक श्री राजकुमार दरयानी, सचिव श्री सुनील दरयानी एवं प्राचार्य श्री रामनारायण धीवर सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ