सक्ती- कोरबा रोड कंचनपुर क्षेत्र के मुख्य पेट्रोल पंप पर पेट्रोल और डीजल की भारी किल्लत के चलते आज सुबह से ही अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ है। ईंधन खत्म होने की आशंका और सीमित आपूर्ति की खबर फैलते ही पंप पर वाहनों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी, जिससे देखते ही देखते मुख्य मार्ग पर लंबा जाम लग गया।
ईंधन के लिए मची होड़, व्यवस्था बेपटरी
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह जैसे ही पेट्रोल पंप खुला, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। लोग अपनी गाड़ियों की टंकियां फुल कराने के साथ-साथ बोतलों और जरकीनों में भी ईंधन भरने की होड़ में दिखे। भीड़ इतनी अनियंत्रित हो गई कि पेट्रोल पंप परिसर छोटा पड़ गया और वाहनों की लाइनें मुख्य सड़क तक पहुंच गईं।
मुख्य मार्ग पर लगा लंबा जाम, राहगीर परेशान
पंप पर गाड़ियों की बेतरतीब कतारों के कारण कंचनपुर मुख्य मार्ग पर यातायात पूरी तरह चरमरा गया। आधे घंटे के भीतर ही सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम राहगीरों, स्कूली बच्चों और दफ्तर जाने वाले लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों ने बताया कि जाम की वजह से पैदल निकलना भी दूभर हो गया था।
आपूर्ति बहाल करने की मांग
वाहन चालकों का कहना है कि पिछले कुछ दिनों से क्षेत्र में ईंधन की अनिश्चितता बनी हुई है, जिसके कारण यह स्थिति निर्मित हुई है। जनता ने प्रशासन और संबंधित तेल कंपनियों से मांग की है कि कंचनपुर क्षेत्र के पेट्रोल पंपों पर ईंधन की नियमित आपूर्ति सुनिश्चित की जाए ताकि लोगों को इस तरह की परेशानियों से निजात मिल सके और यातायात व्यवस्था सुचारू रूप से चल सके।

0 टिप्पणियाँ