सक्ति–जनपद पंचायत शक्ति के अंतर्गत रबी 2026 और ग्रीष्मकालीन फसलों के परिप्रेक्ष्य में किसानों को विभागीय योजनाओं से अवगत कराने हेतु 'कृषि स्थाई समिति' की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी कार्यालय के सभागार में आयोजित इस बैठक की अध्यक्षता कृषि स्थाई समिति के सभापति श्री टंकेश्वर पटेल ने की।
प्रमुख योजनाओं की दी गई जानकारी
बैठक का शुभारंभ राष्ट्रगान के साथ हुआ, जिसके पश्चात कृषि विभाग के अधिकारियों ने विकासखंड के राजस्व ग्रामों के लिए 'कृषक मित्र' चयन की प्रक्रिया पर प्रकाश डाला। बैठक में प्रमुख रूप से निम्नलिखित योजनाओं की जानकारी साझा की गई:
पी.एम. आशा योजना: दलहन फसलों की समर्थन मूल्य पर खरीदी के संबंध में विस्तृत जानकारी दी गई।
पी.एम. फसल बीमा योजना: इस योजना के सफल 10 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में उपस्थित कृषक मित्रों को 'एक वृक्ष माँ के नाम' अभियान के तहत गुलमोहर और कटहल के पौधों का वितरण किया गया।
पशुधन एवं उद्यानिकी विभाग: बैक यार्ड कुक्कुट इकाई, नर बकरा वितरण और नेशनल हॉर्टिकल्चर मिशन के तहत ग्राफ्टेड बैंगन व टमाटर के पौधों के वितरण की जानकारी दी गई।
धान खरीदी में कृषक मित्रों की भागीदारी की मांग
बैठक के दौरान सभापति महोदय ने सदन में एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव रखा कि भविष्य में जिले में होने वाली धान खरीदी के दौरान प्रत्येक समिति में कम से कम एक 'कृषक मित्र' को सदस्य के रूप में शामिल किया जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे किसानों को समय-समय पर तकनीकी मार्गदर्शन प्रदान करें और शासन की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
बैठक में इनकी रही उपस्थिति
इस अवसर पर सदस्य श्री अमर राठिया, श्रीमती रामेश्वरी गबेल, श्री सफीक खान, श्री जे.के. साहू, डॉ. एम.के. दुबे, श्री वी.एस. पोट्टाम, श्री सौरभ उपाध्याय और बजाज एलायंस फसल बीमा कंपनी के जिला प्रतिनिधि श्री कृष्णा प्रधान मुख्य रूप से उपस्थित रहे।

0 टिप्पणियाँ