*युवा संसद में आत्मानंद कशेरपारा हिंदी माध्यम विद्यालय के विद्यार्थियों ने रचा परचम, संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में जिला सक्ती को द्वितीय स्थान*

 


बिलासपुर–संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग बिलासपुर द्वारा आयोजित संभाग स्तरीय युवा संसद प्रतियोगिता का आयोजन दिनांक 30 जनवरी 2026 को देवकीनंदन सभागृह बिलासपुर में गरिमामय एवं उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। इस प्रतियोगिता में संभाग के आठ जिलों ने सहभागिता की, जिसमें जिला सक्ती के विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट संसदीय प्रस्तुति के माध्यम से द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।

इस संयुक्त दल में आत्मानंद कशेरपारा हिंदी माध्यम विद्यालय (सेजेस) सक्ती, हायर सेकेंडरी स्कूल सकर्रा, आत्मानंद अंग्रेजी माध्यम विद्यालय सेजेस मालखरौदा तथा सेजेस जैजैपुर के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों ने सहभागिता की। सभी विद्यार्थियों ने अनुशासन, समन्वय एवं टीम भावना के साथ शानदार प्रदर्शन किया।

इस उल्लेखनीय सफलता के पीछे आत्मानंद कशेरपारा *हिंदी माध्यम विद्यालय के व्याख्याता श्री देवाशीष बनर्जी* की महत्त्वपूर्ण भूमिका रही। उन्होंने स्वयं युवा संसद की संपूर्ण संवाद-रचना (डायलॉग स्क्रिप्ट) तैयार की तथा समसामयिक विषयों एवं परिस्थितियों के अनुरूप विषय-वस्तु को प्रभावी ढंग से समाहित किया। उनके निरंतर मार्गदर्शन, अभ्यास एवं प्रशिक्षण के कारण विद्यार्थियों ने संसदीय कार्यवाही को सजीव रूप में प्रस्तुत किया।

प्रतियोगिता में विद्यार्थियों द्वारा लोकसभा अध्यक्ष की भूमिका, राष्ट्रपति का अभिभाषण, पक्ष-विपक्ष की बहस, विपक्ष का वॉकआउट, अनुशासनहीन सदस्यों को चेतावनी जैसी वास्तविक संसदीय प्रक्रियाओं का प्रभावशाली मंचन किया गया।

महंगाई, बेरोजगारी, स्वास्थ्य सेवाएँ, शिक्षा व्यवस्था, नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) एवं न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) जैसे ज्वलंत विषयों पर तार्किक एवं तथ्यात्मक चर्चा ने निर्णायक मंडल व दर्शकों को प्रभावित किया।


कार्यक्रम के समापन अवसर पर संयुक्त संचालक स्कूल शिक्षा विभाग बिलासपुर श्री आर पी आदित्य, नगर निगम बिलासपुर की महापौर श्रीमती पूजा विधानी सहित स्कूल शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मंच पर उपस्थित रहे।

जिला शिक्षा अधिकारी सक्ती मैडम के निर्देशन में *सहायक सांख्यिकी अधिकारी श्री राकेश अग्रवाल* ने सक्ती जिले की ओर से द्वितीय स्थान का सम्मान ग्रहण किया।

इस उपलब्धि पर *जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. श्रीमती कुमुदिनी बाग द्विवेदी* के मार्गदर्शन में सक्ती जिले में हर्ष का वातावरण है। जिला शिक्षा अधिकारी मैडम ने इस उपलब्धि पर विद्यार्थियों एवं मार्गदर्शक शिक्षकों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।

इस सफलता में हायर सेकेंडरी स्कूल सकर्रा से श्री एस.के. कमलेश एवं श्री तरुण कुर्रे, सेजेस मालखरौदा से श्रीमती वसुंधरा दुबे एवं श्रीमती पुष्पा साहू तथा सेजेस जैजैपुर से पायल अग्रवाल का भी सराहनीय योगदान रहा, जिन्होंने विद्यार्थियों को अभ्यास एवं प्रस्तुति में सहयोग प्रदान किया।

-----/-----

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Author Name

AZLAL KHAN

[DIRECTOR AND PUBLICER ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689

Author Name

SHAMS TAMREJ KHAN

[CHEIF EDITOR ],address ; rajapara ward no.3 sakti , pin . 495689